बाराबंकी: उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में प्रदेश सरकार द्वारा की गई वृद्धि से जिले के 1,380 कोटेदारों में खुशी की लहर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लाभांश 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल किए जाने पर उचित दर विक्रेताओं ने इसे आर्थिक मजबूती और उनकी मेहनत के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इसी को लेकर कोटेदारों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित आभार ज्ञापन सौंपा।
लाभांश में 35 रुपये प्रति कुंतल की वृद्धि से कोटेदारों की आय में सीधा इजाफा होगा। उदाहरण के तौर पर 100 कुंतल खाद्यान्न प्रतिमाह वितरित करने वाले विक्रेता को पहले करीब 12,750 रुपये लाभांश मिलता था, जो अब बढ़कर लगभग 16,250 रुपये हो जाएगा। यानी समान मात्रा में खाद्यान्न वितरण पर करीब 3,500 रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त लाभांश मिलेगा। कोटेदारों ने कहा कि राशन वितरण केवल खाद्यान्न बांटने का कार्य नहीं, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। लाभांश बढ़ने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर सकेंगे।
प्रदेश में ई-पॉस मशीनों के माध्यम से राशन वितरण तथा सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी जैसी व्यवस्थाओं से सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया गया है। कोटेदारों का कहना है कि तकनीक आधारित व्यवस्था से वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ी है और लाभार्थियों का भरोसा भी मजबूत हुआ है।बाराबंकी के कोटेदार गांवों और कस्बों में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों तक खाद्यान्न पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी की भूमिका निभा रहे हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना समेत विभिन्न योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका है।
प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय तथा राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा के प्रयासों के प्रति भी आभार जताया। प्रतिनिधिमंडल में विजय पाल गौतम, सुरेंद्र सिंह, मुहम्मद कामिल, वेद प्रकाश और गोविंद शरण बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)



















































