UP: चंदौली के शिकारगंज चौकी क्षेत्र के मटिहानी चतुरीपुर गांव में शुक्रवार शाम से लापता पांच वर्षीय मासूम का शव शनिवार सुबह गड़ई नदी में मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम का माहौल है.
शाम छह बजे गायब हुआ था बच्चा
जानकारी के अनुसार मटिहानी चतुरीपुर निवासी सुरेश कुमार मल्लाह का पांच वर्षीय पुत्र सुप्रीत शुक्रवार शाम करीब छह बजे घर से अचानक लापता हो गया था. काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश शुरू की. पूरी रात खोजबीन के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका.
Also Read: UP के इस जिले में तेजी से बढ़ रहे HIV के मामले, तीन महीने में चार गुना बढ़े नए मरीज
गड़ई नदी में उतराता मिला शव
शनिवार सुबह ग्रामीणों ने गड़ई नदी में एक बच्चे का शव उतराता देखा. सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. पहचान करने पर शव लापता मासूम सुप्रीत का निकला. यह खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. सूचना पर शिकारगंज चौकी पुलिस और चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
डूबने से मौत की आशंका
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम से लापता पांच वर्षीय बालक का शव शनिवार को गड़ई नदी से बरामद हुआ है. प्रथम दृष्टया डूबने से मृत्यु होना प्रतीत हो रहा है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है. मासूम की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)















































