UP: ‘ट्रॉली बैग में भरा था 5 लाख का गांजा, आजमगढ़ पुलिस ने पकड़ा अंतरराज्यीय तस्करों का गिरोह

आजमगढ़: बिलरियागंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो ट्रॉली बैग और एक वीवो मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, बिलरियागंज थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास पुलिस टीम ने दो ट्रॉली बैग लेकर जा रहे तीन संदिग्धों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी की मौजूदगी में ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई।

ALSO READ: Banda: 1.38 लाख रुपये में महिला को बेचने और जबरन शादी कराने का आरोप, कथित मध्यस्थ गिरफ्तार

तलाशी के दौरान राजाबाबू सिंह के कब्जे से एक ट्रॉली बैग में 12 बंडल तथा नेहा पासवान और पूनम देवी के कब्जे से दूसरे ट्रॉली बैग में 11 बंडल मिले। जांच में सभी बंडलों में गांजा बरामद हुआ। दोनों बैगों से बरामद गांजे का कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह (28) निवासी बलिहार, थाना सिमरी, बक्सर, बिहार, नेहा पासवान (20) निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, गाजीपुर और पूनम देवी (31) निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, बक्सर, बिहार के रूप में हुई है।

Also Read: डीएम ने गर्मी को देखते हुए 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश, स्मार्ट मीटर और बिजली व्यवस्था पर अहम फैसले

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था। इसके बदले उन्हें रुपये मिलते थे, जिसे वे आपस में बांटकर अपना जीवन-यापन करते थे। गांजे के संबंध में आरोपी कोई वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।

इस मामले में बिलरियागंज थाने में मु0अ0सं0 234/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी राजाबाबू सिंह के खिलाफ पूर्व में गाजीपुर और झारखंड में भी मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 का एनडीपीएस एक्ट का मामला भी शामिल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)