UP: कोचिंग से घर लौट रही 11वीं की छात्रा से लूट, बाइक सवार तीन बदमाश मोबाइल छीनकर फरार

इटावा: सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम कोचिंग पढ़कर घर लौट रही कक्षा 11 की छात्रा से बाइक सवार तीन लुटेरों ने मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद छात्रा और उसके परिजनों में दहशत का माहौल है। पीड़िता के पिता चंद्रवीर सिंह ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अमनीव विजन स्कूल में कक्षा 11 में पढ़ने वाली छात्रा अराध्या मंगलवार शाम करीब 7:15 बजे कोचिंग पढ़कर घर लौट रही थी। छात्रा का कहना है कि वह सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में कृष्णा बेकरी के आगे जीआईसी गेट के सामने पहुंची थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों लुटेरे बाइक से फरार हो गए।

Also Read: UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल

घटना के बाद छात्रा ने परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। छात्रा और उसके परिजनों का आरोप है कि कॉल करने के करीब 30 मिनट बाद जेल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने छात्रा से घटना की पूरी जानकारी ली।

पीड़िता के पिता चंद्रवीर सिंह ने सिविल लाइंस थाने में लूट की तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बाइक सवार आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)