UP: बाराबंकी जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को छाया चौराहा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नारेबाजी की।
चुनाव कार्यालय की ओर बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता समूह के रूप में चुनाव कार्यालय की ओर आगे बढ़ने लगे। रास्ते में पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही विरोध जताना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी जलाया।
मोहम्मद मोहसिन बोले- मताधिकार की रक्षा के लिए जारी रहेगा संघर्ष
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन ने कहा कि मतदान करना लोकतंत्र में जनता का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं और मताधिकार के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मोहसिन ने कहा कि कांग्रेस जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।
राहुल गांधी के मुद्दे को लेकर आंदोलन जारी रखने का ऐलान
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मुद्दे को उठा रहे हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि मतदाता अधिकारों से जुड़े इस विषय को लेकर पार्टी का विरोध-प्रदर्शन आगे भी जारी रहेगा। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े सवालों पर आवाज बुलंद करती रहेगी।
बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहम्मद मोहसिन, नगर अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा फोटोवाला, जिला बार अध्यक्ष रमन द्विवेदी, एडवोकेट वीरेंद्र यादव, एडवोकेट मोहम्मद इजहार, आदर्श पटेल, केसी श्रीवास्तव, शिव बहादुर वर्मा, मोहम्मद आफाक, इरफान कुरैशी, मोहम्मद अफ्फू, अजीत वर्मा, एडवोकेट सना चौधरी, विजयपाल गौतम, रामहरख रावत, सिकंदर अब्बास रिजवी, अभय गौतम, मोईनुद्दीन अंसारी, जयंत गौतम, जियाउर्रहमान किदवई समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।














