UP: कजरी तीज मेले में उमड़ी भीड़, केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग बना जाम का ‘हॉटस्पॉट’, ओवरब्रिज की मांग

UP: बाराबंकी तहसील रामनगर के केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे लंबा जाम लगने से लोधेश्वर महादेव धाम दर्शन-पूजन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे क्रॉसिंग से ट्रेन गुजरने के दौरान फाटक बंद होने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई जनपदों से पहुंचे श्रद्धालु काफी देर तक फंसे रहे।

कजरी तीज मेले के अवसर पर महाभारत कालीन सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेव धाम में जलाभिषेक और दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। लखनऊ, बहराइच, कानपुर, उन्नाव, जालौन, बाराबंकी सहित कई जनपदों से श्रद्धालु निजी वाहनों और अन्य साधनों से रामनगर पहुंच रहे हैं। ऐसे में केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बार-बार फाटक बंद होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।

Also Read: बांदा के स्कूलों के बाहर रोज लगता है जाम, डीएम-एसपी, ट्रैफिक पुलिस और स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल

केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग लोधेश्वर महादेव मंदिर जाने वाले प्रमुख मार्ग के पास स्थित है। रेलवे ट्रैक से ट्रेन गुजरने के दौरान क्रॉसिंग बंद होने पर कुछ ही समय में वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से स्थिति और गंभीर हो जाती है। भारी वाहनों का भी इस मार्ग से लगातार आवागमन होने के कारण जाम खुलने में काफी समय लग जाता है।

श्रद्धालु अनुज, विमलेश, रोहित, सोनू और आनंद आदि ने बताया कि केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर आए दिन जाम की समस्या बनी रहती है। कजरी तीज मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाने से परेशानी और बढ़ गई है। श्रद्धालुओं ने कहा कि यदि यहां ओवरब्रिज का निर्माण हो जाए तो रेलवे क्रॉसिंग के बार-बार बंद होने से लगने वाले जाम से स्थायी रूप से निजात मिल सकती है।

Also Read: उत्तर प्रदेश : दुल्हीपुर में लगातार भीषण जाम से लोग परेशान, आज भी घंटों जाम में फंसे वाहन; यातायात पुलिस ने संभाला मोर्चा

इस संबंध में पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी और विधान परिषद सदस्य एमएलसी अंगद सिंह ने बताया कि केसरीपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र के लोगों के साथ ही लोधेश्वर महादेव धाम आने वाले श्रद्धालुओं को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)