UP: 6 लाख में UPSSSC अभ्यर्थी को पास कराने की डील, नकल माफिया गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार

आजमगढ़: UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के जरिए नकल कराकर पास कराने की साजिश का कोतवाली पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने अंतर्जनपदीय नकल माफिया गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, अभ्यर्थी को परीक्षा में पास कराने के लिए गिरोह ने 6 लाख रुपये में सौदा तय किया था।

मामला 9 अगस्त 2026 का है। शिब्ली नेशनल इंटर कॉलेज, आजमगढ़ में UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा के दौरान ब्लॉक-ए के एक कक्ष में परीक्षा दे रहे वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के भड़ाव गांव निवासी आलोक पटेल (24) की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। कक्ष निरीक्षकों ने जांच की तो उसके कान के अंदर से एक हियरिंग डिवाइस और अंडरवियर के अंदर से एक ब्लूटूथ डिवाइस बरामद हुई। डिवाइस में सिम कार्ड लगा था और दो सेल बैटरियां भी मिली थीं।

Also Read: UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

पूछताछ में सामने आया कि इन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षा के दौरान बाहर से प्रश्नों के उत्तर बताकर अभ्यर्थी को पास कराने की तैयारी थी। मामले में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर आलोक पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

6 लाख रुपये में हुआ था सौदा

विवेचना के दौरान नकल कराने वाले गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी थी। इसी क्रम में मंगलवार 11 अगस्त को पुलिस ने वीरेन्द्र कुमार राय उर्फ बाबू (31) निवासी कुरौना सरौनी, थाना जंसा, वाराणसी को आजमगढ़ के प्राइवेट बस अड्डे से करीब 12:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।

Also Read: UP: जौनपुर में राह चलती छात्राओं पर करता था अभद्र टिप्पणी, किसन राजभर को एंटी रोमियो टीम ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी आनंद पटेल और कुश पटेल, दोनों निवासी वाराणसी, के साथ मिलकर परीक्षा में अभ्यर्थियों को पास कराने की व्यवस्था करने वाले लोगों से संपर्क किया था। UPSSSC प्राविधिक मुख्य परीक्षा में आलोक पटेल को पास कराने के लिए 6 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था।

आरोपी के अनुसार, परीक्षा में नकल कराने के लिए आलोक पटेल को हियरिंग/ईयर डिवाइस और ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध कराई गई थी। इन उपकरणों को इस्तेमाल करने की विधि भी बताई गई थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)