UP: पूर्वांचल के प्रमुख व्यस्त मार्गों में शामिल स्टेट हाईवे 5A-1 (वाराणसी-शक्तिनगर) की नारायनपुर क्षेत्र में स्थिति बेहद खराब हो गई है। सड़क पर जगह-जगह करीब एक फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर गड्ढों की आकृति भारत के नक्शे जैसी नजर आ रही है।
रोजाना गुजरते हैं हजारों वाहन, बढ़ा हादसों का खतरा
यह मार्ग छोटे-बड़े वाहनों के साथ ही बड़ी संख्या में मालवाहक वाहनों की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है। सड़क की जर्जर हालत के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बदहाली ने आवागमन को मुश्किल और जोखिमपूर्ण बना दिया है।
गिट्टी डालकर भी मिल सकती है अस्थायी राहत
बरसात के दौरान सड़क का स्थायी निर्माण या मरम्मत संभव नहीं होने की बात कही जा सकती है, लेकिन स्थानीय लोगों का मानना है कि बड़े गड्ढों में पांच-सात ट्रक गिट्टी डालकर उन्हें अस्थायी रूप से भरा जा सकता है। इससे कम से कम वाहनों की आवाजाही को कुछ हद तक सुगम बनाया जा सकेगा और हादसों का खतरा भी घटेगा।
जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर उठे सवाल
मीरजापुर जिले की पांचों विधानसभा सीटों और लोकसभा सीट पर सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि हैं। इसके अलावा जिले में कई मंत्री भी हैं। इसके बावजूद इतने महत्वपूर्ण मार्ग की बदहाली को लेकर लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग और शासन-प्रशासन के साथ जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी बनती है, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर अपेक्षित पहल नजर नहीं आ रही है।
Also Read: UP: चंदौली में बाढ़-जलभराव से हाहाकार, 50 बीघा धान की फसल डूबी, कच्चे मकान भी गिरे
टोल वसूली बंद करने की उठी मांग
वाहन चालकों का कहना है कि टोल टैक्स देने में जितनी परेशानी नहीं होती, उससे कहीं अधिक कठिनाई जर्जर सड़क से गुजरने में होती है। लोगों ने मांग की है कि जब तक मार्ग को चलने लायक नहीं बनाया जाता, तब तक टोल वसूली पर भी विचार किया जाना चाहिए। अन्नदाता मंच के संयोजक चौधरी रमेश सिंह ने कहा कि स्टेट हाईवे 5A-1 का निर्माण और समुचित मरम्मत होने तक हाजीपुर एवं अहरौरा स्थित टोल प्लाजा पर टोल टैक्स की वसूली बंद की जानी चाहिए।



















































