यूपी: मथुरा में ईद के दिन हिंसा, फरसा वाले बाबा’ की हत्या, गौ तस्करों ने गाड़ी से कुचला

UP: मथुरा में ईद के दिन उस समय तनाव फैल गया जब मथुरा जिले के कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी अंतर्गत नवीपुर गांव में एक सनसनीखेज घटना सामने आई। आरोप है कि गौ-तस्करों ने प्रसिद्ध गौ-सेवक चंद्रशेखर उर्फ ‘फरसा वाले बाबा’ की गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बन गया, जिससे स्थिति तेजी से तनावपूर्ण हो गई।

गौ-तस्करों का पीछा करते हुए हुई घटना

जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर को इलाके में गौ-तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे अपनी टीम के साथ आरोपियों का पीछा कर रहे थे। इसी दौरान नवीपुर के पास तस्करों ने उन्हें निशाना बनाते हुए वाहन से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और आरोपियों की तलाश में सघन नाकाबंदी की जा रही है।

Also Read: दिल्ली: उत्तम नगर में ईद और राम नवमी से पहले बढ़ी सुरक्षा, तरूण हत्या से बढ़ा तनाव

हजारों लोगों की भीड़, हाईवे पर जाम और पथराव

घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और गौ-भक्त बाबा के गांव अंजनोख स्थित गोशाला पहुंच गए। बढ़ती भीड़ के बीच आक्रोश भी उभरने लगा और लोगों ने आगरा-दिल्ली हाईवे को जाम कर दिया। हालात उस समय बिगड़ गए जब भीड़ ने हाईवे पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वहां फंसे वाहन चालकों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस पर हमला, आंसू गैस का इस्तेमाल

स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस को भी आक्रोशित भीड़ का सामना करना पड़ा। पथराव में कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें एसपी सिटी, एसपी ग्रामीण और एडीएम प्रशासन की गाड़ियां भी शामिल हैं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। फिलहाल, क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.