UP: बलिया में ट्यूबवेल पर सो रहे बुजुर्ग की ईंट से कुचलकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

बलिया: सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम उदहा में गुरुवार सुबह एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान रामव्यास वर्मा के रूप में हुई है. उनका खून से लथपथ शव घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर मिला. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रामव्यास वर्मा बुधवार रात अपने ट्यूबवेल पर सोने गए थे. आशंका जताई जा रही है कि रात के दौरान किसी अज्ञात हमलावर ने उनके सिर पर ईंट से कई वार कर उनकी हत्या कर दी. सुबह जब लोग ट्यूबवेल पर पहुंचे तो शव देखकर हड़कंप मच गया.

Also Read: UP: सीतापुर में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में सौंपा ज्ञापन

घटना की सूचना सुबह करीब छह बजे डायल-112 के माध्यम से थाना सहतवार पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया.

क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना सहतवार में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है. जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य बनी हुई है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.