UP: वाराणसी एयरपोर्ट पर बढ़ेंगी सुविधाएं, एयरोब्रिज से सीधे विमान तक पहुंचेंगे यात्री

UP: वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के विस्तार के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। प्रस्तावित सुविधाओं में एयरोब्रिज प्रमुख है। इसके शुरू होने के बाद यात्रियों को टर्मिनल से विमान तक पहुंचने के लिए बस में सफर नहीं करना पड़ेगा, बल्कि वे सीधे सुरक्षित और बंद मार्ग से विमान तक जा सकेंगे।

अभी बस से विमान तक पहुंचते हैं यात्री

फिलहाल एप्रन पर खड़े विमानों तक यात्रियों को एयरलाइंस की बसों के जरिए पहुंचाया जाता है। इस दौरान यात्रियों को टर्मिनल से विमान तक खुले क्षेत्र में जाना पड़ता है, जिससे गर्मी, धूप और बारिश जैसी मौसम संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। एयरोब्रिज बनने के बाद इन दिक्कतों से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

Also Read: ‘हर दो मिनट में हवाई जहाज उड़ान भरेंगे…’,नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर बोले पीएम मोदी

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग होंगे टर्मिनल

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता के मुताबिक यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए एयरपोर्ट के विस्तार की योजना पर काम चल रहा है। इसके तहत घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए अलग-अलग टर्मिनल भवन विकसित किए जाएंगे। मौजूदा टर्मिनल का इस्तेमाल अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए होगा, जबकि नए टर्मिनल से घरेलू उड़ानों का संचालन किया जाएगा।

दो एयरोब्रिज के लिए जगह चिह्नित

विस्तारीकरण योजना के तहत दोनों टर्मिनल भवनों को जोड़ने की व्यवस्था भी की जाएगी। एयरपोर्ट प्रबंधन ने दो एयरोब्रिज के निर्माण के लिए स्थान चिह्नित कर लिया है। इनकी सुविधा शुरू होने के बाद यात्रियों की बोर्डिंग प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित होने के साथ विमान तक पहुंचने में लगने वाला समय भी कम हो सकता है।

Also Read: ‘यूपी की आत्मनिर्भरता और प्रगति का प्रतीक है नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट…’, बोले सीएम योगी

क्या होता है एयरोब्रिज?

एयरोब्रिज टर्मिनल और विमान के प्रवेश द्वार के बीच बना एक बंद और सुरक्षित रास्ता होता है, जिसे पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज भी कहा जाता है। इसका एक हिस्सा टर्मिनल से स्थायी रूप से जुड़ा रहता है, जिसे फिक्स फिंगर कहा जाता है, जबकि दूसरा हिस्सा चलायमान होता है और विमान के दरवाजे की स्थिति के अनुसार समायोजित किया जा सकता है। एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक बोर्डिंग के साथ मौसम की परेशानियों से भी राहत मिलेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)