UP: मेरठ में फर्जी IAS का पर्दाफाश, शराब के नशे में फोन कर झाड़ रहा था रौब, पुलिस ने किया गिरफ्तार

UP: मेरठ (Meerut) के थाना नौचंदी क्षेत्र में पुलिस ने राहुल कौशिक (Rahul Kaushik) नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो खुद को फर्जी आईएएस (Fake IAS) अधिकारी बताकर लोगों को भ्रमित कर रहा था। आरोपी दावा करता था कि वह 2008 बैच का आईएएस अधिकारी है और भारत सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत है। उसकी सच्चाई तब सामने आई जब वह शराब के नशे में हंगामा करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम और अधिकारियों के सरकारी नंबरों पर लगातार कॉल कर रौब झाड़ने लगा।

पुलिस जांच में सामने आया सच

सूचना मिलने के बाद थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल कौशिक से पूछताछ की। उसके व्यवहार और दावों पर शक होने के बाद जब पुलिस ने जांच की, तो पता चला कि वह कोई अधिकारी नहीं बल्कि आम व्यक्ति है। जांच के दौरान उसके पास से एक फर्जी बोर्ड भी बरामद किया गया, जिस पर उसने खुद को आईएएस अधिकारी दर्शाया हुआ था।

Also Read: लखनऊ में फर्जी IAS अफसर गिरफ्तार, नीली बत्ती, लग्जरी गाड़ियों के काफिले से जमाता था रौब

फर्जी बोर्ड बरामद, आरोपी गिरफ्तार

सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी के पास से नकली नामपट्ट और अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में राहुल अपने झूठे दावों को साबित नहीं कर पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया और जेल भेज दिया।

पुराने मामलों की भी हो रही जांच

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राहुल कौशिक कब से खुद को अधिकारी बताकर लोगों को धोखा दे रहा था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या उसने इस फर्जी पहचान का इस्तेमाल कर किसी से पैसे या अन्य लाभ तो नहीं लिया। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)