UP: फर्जी ड्रग इंस्पेक्टर बनकर मेडिकल स्टोर संचालक से ठगी, चार गिरफ्तार

अमेठी: गौरीगंज कोतवाली पुलिस ने फर्जी ड्रग इंस्पेक्टर और पत्रकार बनकर मेडिकल स्टोर संचालकों से वसूली करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया माइक, चार प्रेस आईडी, एक कूटरचित फर्जी पहचान पत्र, ठगी के 3,000 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, संग्रामपुर क्षेत्र के मडौली निवासी शुभम मिश्रा ने गौरीगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि 12 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे चार लोग स्विफ्ट डिजायर कार से सराय भागमानी, पाण्डेयपुर स्थित श्री बालाजी मेडिकल स्टोर पहुंचे। आरोपियों ने खुद को ड्रग इंस्पेक्टर बताते हुए मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित दवाएं बेचने का आरोप लगाया और दुकान बंद कराने की धमकी दी।

Also Read: मायावती का बड़ा एक्शन,अंटू मिश्रा बसपा से निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

आरोप है कि आरोपियों में से एक ने फर्जी पहचान पत्र दिखाकर कार्रवाई से बचने के लिए 5,000 रुपये की मांग की। भय के कारण मेडिकल स्टोर संचालक ने 3,000 रुपये नकद और 2,000 रुपये यूपीआई के जरिए सुशील नामक व्यक्ति को भेज दिए। बाद में जानकारी करने पर फर्जी ड्रग इंस्पेक्टर होने की जानकारी हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तलाश कर चारों आरोपियों को मुंशीगंज चौराहे के पास पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने चारों आरोपियों वसीम खान, अशोक कुमार शर्मा, बृजेश कुमार पासवान और रत्नेश शर्मा, सभी निवासी रायबरेली, को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे मेडिकल स्टोरों को निशाना बनाकर फर्जी पहचान पत्र और मीडिया माइक का इस्तेमाल करते थे। ड्रग इंस्पेक्टर या पत्रकार बनकर चेकिंग के नाम पर मेडिकल स्टोर संचालकों को डराते-धमकाते और रुपये वसूलते थे।

Also Read:UP बीजेपी ने जारी की क्षेत्रीय व मोर्चा प्रभारियों की सूची, राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिमी यूपी की कमान, देखें पूरी लिस्ट

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ रायबरेली जनपद में मारपीट, चोरी, दहेज और बलात्कार समेत विभिन्न धाराओं में पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं। मामले में गौरीगंज थाने में मुकदमा संख्या 235/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह, उपनिरीक्षक कृपाशंकर यादव समेत गौरीगंज थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)