बरेली: इज्जतनगर थाना क्षेत्र में कैफे में हुए हंगामे और कथित तौर पर वीडियो वायरल होने के बाद एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. छात्रा के परिजनों ने वीडियो वायरल होने और बदनामी के दबाव को उसकी मौत का कारण बताते हुए कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
बताया गया कि मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे छात्रा ब्लू डायमंड कैफे में अपने गांव के कुछ दोस्तों के साथ बैठी थी. इसी दौरान कुछ हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता कैफे पहुंच गए और वहां हंगामा हुआ. आरोप है कि छात्रा के साथ मौजूद युवक शोएब के साथ मारपीट की गई और छात्रा से भी कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार कराया गया. इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया. वीडियो के साथ धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ जैसे आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई.
Also Read: UP: प्रेम विवाह के बाद युवती लापता, परिजनों ने पति पर हत्या कर शव गायब करने का लगाया आरोप
परिजनों के अनुसार, वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा मानसिक रूप से बेहद परेशान थी. बुधवार सुबह उसकी हालत गंभीर मिलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. रिपोर्ट में मौत की पुष्टि हुई है, जबकि विसरा सुरक्षित रखा गया है.
मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने शोएब, सलमान, एक महिला डॉक्टर, हिंदू जागरण मंच युवा के जिलाध्यक्ष हिमांशु पटेल, देवेंद्र पटेल, बजरंग दल महानगर गोरक्षा प्रमुख निर्दोष राठौर, ब्लू डायमंड कैफे के मालिक और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार, मामले में बीएनएस की धारा 108, 70(2), 352, 351(3), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई है.एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. कानून हाथ में लेने और आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































