आगरा: नीट पेपर लीक मामले को लेकर आगरा के आंबेडकर पार्क में युवाओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। Gen Z के युवाओं ने हाथों में अलग-अलग संदेश लिखी पट्टियां और पोस्टर लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रदर्शन के दौरान एक बोर्ड पर डाइपर लगाकर लिखा गया, “इसकी तो गारंटी है, पर एग्जाम की नहीं।” वहीं, दूसरे बोर्ड पर मेलोडी टॉफियां चिपकाकर सांकेतिक रूप से अपनी बात रखी गई। युवाओं का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से मेहनत करने वाले छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि युवाओं का भरोसा बनाए रखने के लिए परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाना आवश्यक है। आंबेडकर पार्क में हुए इस अनोखे प्रदर्शन ने राहगीरों और स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































