पश्चिम एशिया में बने संवेदनशील हालात को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने इजराइल में कार्यरत प्रदेश के श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इस समय इजराइल की विभिन्न कंपनियों और परियोजनाओं में काम कर रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी श्रमिक फिलहाल सुरक्षित हैं और नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर ड्यूटी कर रहे हैं।
एनएसडीसी और पीबा के माध्यम से हुआ चयन
इन श्रमिकों का चयन वर्ष 2024 में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) और इजराइल की सरकारी एजेंसी पीबा के सहयोग से किया गया था। चयन प्रक्रिया के तहत प्रशिक्षित और योग्य कामगारों को निर्माण क्षेत्र की परियोजनाओं में नियुक्त किया गया। राज्य सरकार लगातार संबंधित एजेंसियों और इजराइली अधिकारियों के संपर्क में बनी हुई है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
भारतीय दूतावास की एडवाइजरी जारी
इसी बीच भारतीय दूतावास, तेल अवीव ने इजराइल में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया है। दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा से बचें। दूतावास ने यह भी भरोसा दिलाया है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार का आश्वासन और आपात संपर्क व्यवस्था
श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने श्रमिकों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने भारत के राजदूत जेपी सिंह से बातचीत कर हालात की जानकारी ली, जिसमें दूतावास ने स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही। आपात स्थिति में नागरिक हेल्पलाइन नंबर +972-54-7520711, +972-54-2428378 या ईमेल cons1.telaviv@mea.gov.in के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)

















































