UP: हाथरस दोहरे हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा, दूसरी पत्नी समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

UP: हाथरस सादाबाद कस्बे के इस्लामनगर में पूर्व फौजी शमसुद्दीन और उनकी पहली पत्नी समीना उर्फ सद्दो की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। दोनों की 26 और 27 सितंबर की दरमियानी रात घर के अंदर धारदार हथियार से हत्या की गई थी। वारदात के बाद घर से नकदी, जेवर और अन्य सामान गायब मिला था।

सात टीमों ने संभाली जांच, 350 कैमरों की फुटेज खंगाली

दोहरी हत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम के साथ सादाबाद और सहपऊ पुलिस की सात टीमें गठित की थीं। जांच टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। इसके साथ ही मौके से मिले फुटप्रिंट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया।

यक्ष ऐप से संदिग्ध तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में नजर आए एक संदिग्ध की तस्वीर को यक्ष ऐप के माध्यम से चेक किया गया। पुलिस के मुताबिक, इसी तकनीकी जांच से आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर से जुड़ा अहम सुराग मिला। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी।

ALSO READ: Amethi में व्यापारियों की स्कॉर्पियो पर फायरिंग मामले में बड़ा अपडेट, दो नामजद आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर

आगरा-हाथरस मार्ग से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को आगरा-हाथरस मार्ग पर बंद पड़े अर्चना ढाबे के पास दो संदिग्ध मोटरसाइकिल के साथ दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संजय और चीनी प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ भूरी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के बाद मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार किया गया।

संपत्ति और रिश्तों को लेकर हत्या की साजिश का दावा

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में हत्या के पीछे पारिवारिक रिश्तों और संपत्ति से जुड़े विवाद की बात सामने आई। पुलिस का दावा है कि सीमा ने अपने पति और उनकी पहली पत्नी की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए गौरव नाम के व्यक्ति को 20 लाख रुपये देने का वादा किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि गौरव ने आगे अन्य लोगों को इस साजिश में शामिल किया।

पहले भी तीन-चार बार कोशिश, नहीं मिला मौका

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले तीन से चार बार कोशिश की थी, लेकिन हर बार परिस्थितियां उनके अनुकूल नहीं रहीं। पुलिस का दावा है कि 26/27 सितंबर की रात सीमा ने मकान का दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद आरोपी घर में दाखिल हुए और दोनों की हत्या कर दी।

Also Read: Azamgarh में एनबीडब्ल्यू वारंटियों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 11 गिरफ्तार

छुरा, जेवर और नकदी समेत सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया छुरा, खून से सने कपड़े, मोटरसाइकिल, जेवरात, 4,020 रुपये नकद, घड़ी, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद करने का दावा किया है।

दोनों आरोपी बताए गए हिस्ट्रीशीटर

गिरफ्तार आरोपियों में संजय और चीनी प्यारे के खिलाफ आगरा जिले के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों सिकंदरा थाने के हिस्ट्रीशीटर हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)