UP: हाथरस की चर्चित यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर छवि वार्ष्णेय और उनकी मां सारिका वार्ष्णेय की मध्य प्रदेश में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। दोनों सोमवार देर रात परिवार के साथ उज्जैन में महाकाल के दर्शन के लिए रवाना हुई थीं, लेकिन दर्शन से पहले ही यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को उज्जैन-गरोठ फोरलेन पर रामाखेड़ी गांव के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार छवि और उनकी मां सारिका की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में छवि के पिता श्यामलाल, ड्राइवर सचिन और उनके समधी सूरज पाल घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Also Read:UP: चाय की चुस्की पर महंगाई की मार! रायबरेली में चीनी के भाव में 33% उछाल
छवि वार्ष्णेय हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के महौ गांव की रहने वाली थीं। उनके चचरे भाई सचिन वार्ष्णेय के मुताबिक, छवि बचपन से ही प्रतिभाशाली थीं। उन्होंने ग्रेजुएशन तक पढ़ाई की और पढ़ाई में भी हमेशा अव्वल रहीं। कुछ अलग करने और जीवन में आगे बढ़ने के जुनून के चलते उन्होंने वर्ष 2021 में यूट्यूब चैनल शुरू किया था।
Also Read: रायबरेली में रक्षाबंधन से पहले कड़वी हुई चीनी! 48 से सीधे पहुंची 65 रुपये प्रति किलो
शुरुआत में छवि डेली लाइफ से जुड़े व्लॉग और वीडियो बनाती थीं। धीरे-धीरे उनके वीडियो लोकप्रिय होते गए और बाद में उन्होंने ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े वीडियो भी बनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते उनके यूट्यूब चैनल पर सात लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हो गए, जबकि इंस्टाग्राम पर भी उनके एक लाख से अधिक फॉलोअर्स थे।
परिवार भी छवि के सोशल मीडिया करियर में उनका पूरा सहयोग करता था। उनके पिता गांव में किराने की दुकान चलाते हैं। छवि और उनकी मां की मौत की खबर महौ गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बुधवार सुबह से ही व्यापारियों ने बाजार बंद रखा और दोनों के शवों के गांव पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














