UP: बहराइच (Bahraich) जिले के रिठौड़ा ग्राम के पास सोमवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। लखनऊ-बहराइच मार्ग पर सवारियों से भरी मैजिक वाहन अचानक असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में चालक और छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस और राहगीरों ने तुरंत संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस और आसपास के राहगीर पहुंच गए। उन्होंने घायलों को सुरक्षित निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
सात लोग गंभीर रूप से घायल
एसएचओ संतोष कुमार सिंह के अनुसार, घायल लोगों में बहाल पुत्र शमशाद, अखिलेश प्रजापति पुत्र कमाता प्रसाद, लवकुश पुत्र रामनाथ, प्रदीप पुत्र नंद किशोर, सलीम पुत्र जाहिद, छोटे लाल पुत्र तालुकदार और अहमद अली पुत्र मकबूल शामिल हैं। सभी को गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है।
चौकी प्रभारी भी घायल, जांच जारी
घायलों की मदद करने गए घाघरा घाट चौकी प्रभारी दिनेश कुशवाहा की बाइक भी दुर्घटना के दौरान पलट गई और उन्हें चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ट्रामा सेंटर बहराइच रेफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन फिलहाल सभी घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































