UP: मथुरा (Mathura) जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों को सूना कर दिया। मगोर्रा थाना क्षेत्र के नगला देविया मोड़ पर तेज रफ्तार मारुति फ्रॉन्क्स कार अनियंत्रित होकर पहले एक सीमेंट की पानी की टंकी से टकराई और फिर करीब 6 मीटर गहरे गोवर्धन ड्रेन में जा गिरी। इस खौफनाक हादसे में कार सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिसमें तीन भाई और एक उनका दोस्त मौजूद थे। सभी मृतक महावन थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और राजस्थान के डीग जिले की ओर जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार युवक महावन से गोवर्धन होते हुए बाइपास मार्ग से डीग जा रहे थे। वे एक सगाई समारोह में शामिल होने के लिए निकले थे। रात के अंधेरे में नगला देविया के तीव्र मोड़ पर कार बेकाबू हो गई। तेज रफ्तार के कारण कार पहले सड़क किनारे बनी टंकी से टकराई, पलटी और सीधे गोवर्धन ड्रेन में गिर पड़ी। नाले में पानी का स्तर ज्यादा होने से कार पूरी तरह डूब गई। ग्रामीणों ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर युवकों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला।
Also Read: साहिल की मौत का कौन जिम्मेदार,आरोपी के पिता ने कहा मैं माफी मांगता हूं
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान महावन क्षेत्र के निवासियों के रूप में हुई है, जिसमें तीन भाई शामिल हैं। हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार, रात का समय और तीव्र मोड़ बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि कार गोवर्धन की ओर से डीग की तरफ जा रही थी। मोगर्रा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा पर सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस जांच
यह घटना राजस्थान बॉर्डर के नजदीक नगला देविया पर हुई, जो मथुरा-डीग मार्ग पर एक जोखिम भरा मोड़ माना जाता है। कई बार यहां ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई स्थायी उपाय नहीं किया गया। पुलिस जांच में ओवरस्पीडिंग और सड़क की स्थिति की जांच की जा रही है। परिवारों को सूचना मिलते ही परिजन सदमे में हैं।










































