लखनऊ (Lucknow) में बहुजन समाज पार्टी (BSP) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह (Uma Shankar Singh) के आवास पर आयकर विभाग (Income-Tax Raid) की टीम ने छापेमारी की है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब सात बजे शुरू हुई इस कार्रवाई में कई अफसर और भारी पुलिस सुरक्षा के साथ मौके पर मौजूद हैं। छापेमारी के दौरान आवास परिसर के अंदर-बाहर की आवाजाही सीमित कर दी गई और बाहर हलचल का माहौल बन गया।
दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड की जांच
सूत्रों ने बताया कि आयकर विभाग का ध्यान वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर केंद्रित है। अधिकारियों ने घर के भीतर फाइलें, कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की तलाशी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई कई घंटों तक जारी रह सकती है, हालांकि विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
सुरक्षा व्यवस्था और पाबंदियां
आवास परिसर के आसपास सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखी जा रही है। छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के आवागमन पर भी रोक लगा दी गई है, क्योंकि विधायक उमाशंकर सिंह कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और लखनऊ आवास में आइसोलेशन में रह रहे हैं।
विधायक की स्वास्थ्य स्थिति
उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो ऑपरेशन पहले ही हो चुके हैं। उनकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए परिवार और चिकित्सक उनकी देखरेख कर रहे हैं। लखनऊ के गोमतीनगर स्थित उनके आवास और कार्यालय पर इस कार्रवाई के चलते सभी गतिविधियों पर रोक लगी है।
रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक
उमाशंकर सिंह बलिया के रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। पिछले साल बसपा सुप्रीमो मायावती ने उनका हालचाल जानने के लिए व्यक्तिगत रूप से उनका दौरा किया था और उनके परिवार से बातचीत की थी। पार्टी और स्थानीय लोग अब इस छापेमारी की विस्तृत जानकारी का इंतजार कर रहे हैं।









































