UP: रायबरेली में बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से टीकाकरण पर जोर दिया जा रहा है। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने अभिभावकों से अपील की है कि 14 से 15 वर्ष की अपनी बेटियों को एचपीवी वैक्सीन जरूर लगवाएं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण बेटियों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिलाधिकारी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर निःशुल्क उपलब्ध है। अभिभावकों को इसके लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त खर्च नहीं करना होगा। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता के साथ समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है।
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे टीकाकरण को लेकर किसी तरह की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। अपनी बेटियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर एचपीवी वैक्सीन लगवाएं और उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के खतरे से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
डीएम ने कहा कि बेटियों का स्वास्थ्य परिवार और समाज दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। इसलिए अभिभावक निर्धारित आयु में टीकाकरण कराकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीन निःशुल्क उपलब्ध है, जिससे अधिक से अधिक परिवार इसका लाभ उठा सकते हैं।



















































