UP: जेल में बंद पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, देवरिया से गोरखपुर रेफर, रिमांड पर आज आएगा फैसला

UP: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले की जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर (IPS Amitabh Thakur) की मंगलवार देर रात अचानक तबीयत खराब हो गई। सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए BRD मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।

डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी

फिलहाल अमिताभ ठाकुर को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार जांच कर रही है और आवश्यक उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

Also Read: शाहजहांपुर में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, ट्रेन से उतारकर देवरिया ले गई पुलिस, X अकाउंट भी सस्पेंड

जमानत याचिका खारिज, रिमांड पर फैसला बाकी

मंगलवार को इस मामले में सीजेएम कोर्ट में सुनवाई हुई थी, जहां अमिताभ ठाकुर की जमानत याचिका को खारिज कर दिया गया। साथ ही रिमांड से जुड़ी बहस भी हुई, जिस पर अदालत ने फैसला सुरक्षित रखते हुए 7 जनवरी की तारीख तय की है।

भूमि आवंटन में गड़बड़ी का आरोप

अमिताभ ठाकुर पर आरोप है कि वर्ष 1999 में देवरिया में तैनाती के दौरान उन्होंने अपनी पत्नी नूतन ठाकुर के नाम पर इंडस्ट्रियल एरिया में भूमि आवंटित कराई। आरोपों के अनुसार, इस प्रक्रिया में पद का दुरुपयोग कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए प्लॉट खरीदा गया। कई वर्षों बाद एक समाजसेवी की शिकायत पर देवरिया कोतवाली में मामला दर्ज किया गया, जिसके बाद 9–10 दिसंबर की रात शाहजहांपुर से उनकी गिरफ्तारी हुई थी। इस केस में उनकी पत्नी भी आरोपी हैं और सुनवाई अभी जारी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)