UP: सहारनपुर में जयंत चौधरी की स्वाभिमान रैली, किसानों, युवाओं और गन्ने के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा

UP: राष्ट्रीय लोकदल की ओर से गुरुवार को रामपुर मनिहारान क्षेत्र स्थित गोचर कृषि इंटर कॉलेज मैदान में स्वाभिमान रैली का आयोजन किया गया। रैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी पत्नी चारु चौधरी और बेटी सायरा के साथ पहुंचे। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दिया। समर्थकों ने नारे लगाकर उनका जोरदार स्वागत किया। रैली स्थल पर करीब 7 से 8 हजार लोगों की भीड़ मौजूद रही, जबकि आसपास के जिलों से भी समर्थकों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।गर्मी और तेज धूप को देखते हुए रैली स्थल पर बड़ा पंडाल लगाया गया और उसे पूरी तरह ढका गया। गर्मी से राहत के लिए पंडाल में मिस्ट फैन भी लगाए गए।

अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने युवाओं, किसानों और गन्ने से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने शौर्य चक्र विजेता हरियाणा के पूर्व सैनिक जय सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जीवन का मंत्र था कि उनके कथन, कर्म या किसी काम से किसी को ठेस न पहुंचे। जयंत ने कहा कि युद्ध में पाकिस्तान के कई टैंक ध्वस्त करने वाले वीर सैनिक की यह सोच उन्हें बेहद प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और किसी को अपना दुश्मन नहीं बनाने की सीख लेने की अपील की।

Also Read: ‘अब क्या कुर्ते पर भी लिख लें नाम’, नेमप्लेट फैसले पर जयंत चौधरी की CM योगी को खरी-खरी

जयंत चौधरी ने कहा कि यदि अगली पीढ़ी के युवाओं को खेती में पर्याप्त तरक्की नजर नहीं आती तो उनमें स्टार्टअप शुरू करने की हिम्मत होनी चाहिए। युवाओं के हाथ में कौशल और अच्छी शिक्षा होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि मंत्री के तौर पर उनका प्रयास है कि युवाओं के लिए रोजगार और विकास के नए रास्ते खुलें।

उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए युवाओं को खेती के साथ नए क्षेत्रों से जोड़ने पर जोर दिया। जयंत ने कहा कि पिछले साल देश में डीपीआईटी से पंजीकृत करीब 55 हजार नए स्टार्टअप शुरू हुए। रैली में पहुंचे उद्यमियों को मंच देने की पहल का भी उन्होंने जिक्र किया।गन्ने के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए जयंत चौधरी ने कहा कि विपक्ष में रहकर कई बार ऐसी बातें कही जाती हैं, जिनसे अतिरिक्त वोट मिल सकें, लेकिन गन्ने के मुद्दे पर बात करने के लिए विपक्ष तैयार नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद उन्हें अभी भी रसगुल्ला दिखाई दे रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)