UP: चीन का रिकॉर्ड ध्वस्त कर काशी ने रचा नया विश्व रिकॉर्ड, एक घंटे में रोपे गए 2,51,446 पौधे

UP: वाराणसी के सुजाबाद डोमरी क्षेत्र में रविवार को आयोजित ‘वृहद पौधरोपण अभियान’ ने एक अद्भुत कीर्तिमान स्थापित किया। मात्र एक घंटे के भीतर 2,51,446 पौधे लगाकर शहर ने चीन के आठ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के जज ऋषि नाथ ने महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को नया रिकॉर्ड प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस ऐतिहासिक प्रयास में नगर निगम और विभिन्न सामाजिक एवं सरकारी संस्थाओं का शानदार सहयोग रहा।

चीन के रिकॉर्ड को पछाड़ा

इससे पहले एक घंटे में सबसे अधिक पौधे लगाने का रिकॉर्ड चीन की हेनान प्रांतीय समिति और हेनान शिफांगे ग्रीनिंग इंजीनियरिंग कंपनी के नाम था। उन्होंने 10 मार्च 2018 को 1,53,981 पौधे लगाए थे। वाराणसी के सुजाबाद डोमरी में मियावाकी तकनीक और व्यापक जनभागीदारी के जरिए 2,50,000 से अधिक पौधों का रोपण किया गया, जिसने चीन के रिकॉर्ड को भारी अंतर से पीछे छोड़ दिया। ड्रोनों और डिजिटल गणना प्रणाली से सटीक निगरानी के बाद ही यह रिकॉर्ड आधिकारिक रूप से मान्यता प्राप्त हुआ।

Also Read: UP सरकार का बड़ा कदम, अब सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में आयुष्मान कार्डधारकों को मिलेगा इलाज

‘शहरी वन’ में गंगा घाटों की प्रतिकृति

इस पौधरोपण परियोजना की खासियत इसकी रूपरेखा और विचारधारा है। पूरे क्षेत्र को 60 सेक्टरों में बांटा गया है, जिनमें प्रत्येक सेक्टर काशी के प्रसिद्ध गंगा घाटों के नाम पर रखा गया है, जैसे दशाश्वमेध, मणिकर्णिका और ललिता घाट। हर सेक्टर में लगभग 4,000 पौधे लगाए गए हैं, जिनमें 27 देशी प्रजातियों के साथ फलदार वृक्ष और औषधीय पौधे शामिल हैं। भविष्य में यह क्षेत्र गंगा किनारे एक हरा-भरा ‘मिनी काशी’ का रूप लेगा।

स्मार्ट सिंचाई और तेजी से विकास

ढाई लाख पौधों को स्वस्थ रखने के लिए प्रशासन ने 10,827 मीटर लंबी पाइपलाइन और 10 बोरवेल के माध्यम से 360 ‘रेन गन’ सिस्टम के साथ आधुनिक सिंचाई व्यवस्था बनाई। मियावाकी तकनीक के कारण ये पौधे सामान्य से दस गुना तेजी से बढ़ेंगे और मात्र 2-3 वर्षों में यह क्षेत्र एक सघन ‘ऑक्सीजन बैंक’ का रूप लेगा। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ नगर निगम के लिए भविष्य में आय का भी स्रोत बनेगी।

Input- Harendra Shukla ( Reporter Varanasi) 

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)