UP: सत्य निकेतन हादसे में जान गंवाने वाले अभिषेक का मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार, B.Com की पढ़ाई करने गया था दिल्ली

वाराणसी: दिल्ली के सत्य निकेतन में हुए बिल्डिंग हादसे में जान गंवाने वाले चंदौली निवासी अभिषेक कुमार का अंतिम संस्कार मंगलवार को वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर किया गया। पिता संतोष कुमार खरवार ने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार के सदस्यों और गांव के लोगों की आंखें नम रहीं। बेटे को अंतिम विदाई देते समय पिता भावुक होकर रो पड़े, वहीं परिजनों ने उन्हें संभाला।

अभिषेक चंदौली जिले का रहने वाला था और बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। पिछले वर्ष ही वह पढ़ाई के लिए दिल्ली गया था और सत्य निकेतन स्थित बिल्डिंग में किराये पर रह रहा था। हादसे के वक्त वह बिल्डिंग के अंदर ही मौजूद था। हादसे में कुल सात लोगों की मौत हुई थी, जिनमें पांच छात्र शामिल थे।

ALSO READ: UP: मुजफ्फरनगर में विवाहिता हत्याकांड में बड़ा फैसला, दोषी पति को फांसी, एक लाख रुपये जुर्माना भी

अभिषेक के पिता संतोष कुमार ने बताया कि उनका बेटा पढ़ाई में काफी होनहार था। वह आगे एमबीए करना चाहता था। परिवार की बेहतर जिंदगी और अपने सपनों को पूरा करने के लिए वह दिल्ली गया था, लेकिन हादसे ने परिवार का सहारा छीन लिया।

पिता ने बताया कि पांच सितंबर को फोन पर अभिषेक से उनकी बात हुई थी। इसी दौरान उन्होंने उसकी हॉस्टल फीस भी जमा की थी। छह सितंबर को जब बेटे से फोन पर संपर्क नहीं हो सका तो परिवार की चिंता बढ़ गई। बाद में हादसे की जानकारी मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अभिषेक के पिता ने हादसे के लिए बिल्डिंग मालिक को जिम्मेदार ठहराते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि बिल्डिंग में मरम्मत का काम चल रहा था तो वहां रह रहे छात्रों को दूसरी जगह क्यों नहीं भेजा गया। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

अभिषेक की मौत के बाद चंदौली स्थित उसके गांव में मातम पसरा है। बेटे को खोने के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है और वह बोलने की स्थिति में नहीं हैं। परिवार के अन्य सदस्य और रिश्तेदार भी गमगीन हैं।

मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार के दौरान पिता द्वारा मुखाग्नि दिए जाने का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला रहा। परिजनों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)