UP: कतर्नियाघाट में तेंदुए का लाइव शिकार, मोर को दबोचकर जंगल में खींच ले गया, देखिए वीडियो

बहराइच: कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के ग्रामीण और आबादी वाले इलाकों में तेंदुए की लगातार मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसी बीच सिंचाई कॉलोनी गिरजापुरी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें तेंदुआ एक मोर का शिकार करते हुए साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के लोगों में वन्यजीव की मौजूदगी को लेकर चिंता बढ़ गई है।

वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि तेंदुए ने पहले मोर को अपना शिकार बनाया। इसके बाद वह कुछ दूरी पर झाड़ियों में घात लगाकर बैठ गया। तेंदुआ अपने शिकार को जंगल की ओर ले जाने के लिए सही मौके का इंतजार करता नजर आया। कुछ देर बाद जैसे ही उसे मौका मिला, वह अचानक बिजली की रफ्तार से मोर पर झपटा और उसे दबोच लिया। इसके बाद तेंदुआ मोर को खींचते हुए जंगल की ओर चला गया।

Also Read: UP: जौनपुर में अपराधियों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, 28 थानों की संयुक्त कार्रवाई में 205 गिरफ्तार

बताया जा रहा है कि कतर्नियाघाट क्षेत्र में पिछले कुछ समय से तेंदुए की मूवमेंट लगातार देखी जा रही है। आबादी के आसपास तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से ग्रामीणों और कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भय का माहौल है। लोग शाम ढलने के बाद अकेले बाहर निकलने से भी बच रहे हैं।

वन क्षेत्र से सटे इलाकों में तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए वन विभाग की ओर से लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है। ग्रामीणों से जंगल और झाड़ियों के आसपास अकेले न जाने, रात के समय विशेष सावधानी बरतने तथा तेंदुआ दिखाई देने पर उसके करीब जाने या उसे उकसाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की गई है।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है