UP: लखनऊ नगर निगम (Lucknow Municipal Corporation) ने हाउस टैक्स (House-Tax) की बकाया राशि वसूलने के लिए सख्त कदम उठाते हुए गोमतीनगर स्थित तीन बड़े संस्थानों की इमारतों को सील कर दिया। इनमें उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर, ट्रांसमिशन भवन और उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) की बिल्डिंग शामिल हैं। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि इन संस्थानों को कई बार नोटिस जारी कर बकाया टैक्स जमा करने के लिए कहा गया था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर भुगतान नहीं किया गया।
करोड़ों रुपये का टैक्स बकाया
जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी के अनुसार उर्दू टीचिंग एंड रिसर्च सेंटर पर लगभग 1 करोड़ 23 लाख 93 हजार 473.92 रुपये का हाउस टैक्स बकाया है। वहीं ट्रांसमिशन भवन पर 22 लाख 22 हजार 501 रुपये और यूपीएसआईडीसी की इमारत पर करीब 52 लाख 735.41 रुपये का टैक्स बकाया पाया गया। लगातार चेतावनी और समय देने के बाद भी जब भुगतान नहीं हुआ तो नगर निगम को सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।
Also Read: फिर सुर्खियों में KGMU! 67 करोड़ रुपये का हाउस टैक्स बकाया, नगर निगम ने थमाया नोटिस
मौके पर की कार्रवाई
नगर निगम की राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करते हुए इमारतों को सील कर दिया। इस कार्रवाई में टैक्स सुपरिटेंडेंट बनारसी दास और राजस्व निरीक्षक अजय वर्मा ने अपनी टीम के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों ने साफ किया कि जिन संस्थानों पर हाउस टैक्स बकाया है, उनके खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













































