UP: जौनपुर के बक्शा थाना क्षेत्र के शिवगुलामगंज बाजार में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की। विभागीय टीम ने एक युवक के घर से करीब 40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी बरामद की। कार्रवाई के बाद इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही।
विकास अग्रहरि के घर पहुंची विभागीय टीम
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज जायसवाल के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम ने विकास अग्रहरि पुत्र विनय अग्रहरि के आवास पर जांच की। तलाशी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में दोहरा और सुपारी मिली। अधिकारियों ने बरामद खाद्य पदार्थों को कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
Also Read: इटावा: Ola कैब चालक पर चाकू से हमला! किराये के बकाया रुपये मांगना पड़ा भारी
दोहरे के तीन नमूने जांच के लिए सुरक्षित
अधिकारियों ने बरामद दोहरे में से तीन नमूने जांच के लिए सुरक्षित कर लिए। वहीं, मौके पर मिले करीब 40 किलो दोहरा और 30 किलो सुपारी को नष्ट करा दिया गया। विभाग का कहना है कि नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की मदद से युवक को हिरासत में लिया
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद विकास अग्रहरि को पुलिस की सहायता से पकड़कर संबंधित थाने भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से क्षेत्र में मिलावटखोरी करने वालों में भी हड़कंप की स्थिति रही।
Also Read: पत्थर से सिर कुचलकर की थी हत्या! कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद की सजा, 30 हजार का जुर्माना
मिलावटखोरों पर जारी रहेगा शिकंजा
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मयंक शंकर दुबे, विनोद यादव और अपराजिता तिवारी भी शामिल रहे। खाद्य विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। मिलावटी, प्रतिबंधित या स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री और भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।



















































