UP: रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में जिला प्रशासन ने अवैध खनन सामग्री के परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ देर रात व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न मार्गों पर औचक जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा। कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बन गई।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में चला संयुक्त अभियान
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ के अनुसार, अभियान में एसडीएम लालगंज राजेश श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी अमित सिंह, खनन अधिकारी सुरेश लकड़ा और एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार समेत पुलिस बल की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने रात में सड़कों पर उतरकर संदिग्ध वाहनों की जांच की और दस्तावेजों का सत्यापन कराया।
17 डंपर और ट्रक सीज, लाखों का जुर्माना
जांच के दौरान गिट्टी, मौरंग और मिट्टी का बिना वैध अनुमति पत्र के परिवहन करने तथा निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चल रहे 17 डंपर और ट्रकों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को सीज करते हुए उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू की गई। प्रशासन ने इन वाहनों पर करीब सात लाख रुपये का शमन शुल्क भी लगाया है।
डीएम ने दी सख्त चेतावनी, माफियाओं में खलबली
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि राजस्व को नुकसान पहुंचाने और सड़कों की गुणवत्ता प्रभावित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह के सघन अभियान जारी रहेंगे। कार्रवाई के बाद लालगंज-रायबरेली मार्ग और बाईपास पर देर रात तक सन्नाटा देखने को मिला, जबकि परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों में बेचैनी बनी रही।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)











































