UP: विकासखंड सदर क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में सुबह हुई बड़ी चोरी की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए नगदी और लाखों रुपये के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है, जबकि ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुनील पाण्डेय के घर देर रात अज्ञात चोर घुस आए। आरोप है कि चोरों ने घर में प्रवेश करने के बाद दरवाजे की कुंडी बंद कर दी और आराम से वारदात को अंजाम दिया। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था।
पीड़ित परिवार के मुताबिक, चोर करीब 50 से 60 हजार रुपये नगद और लगभग 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में सोने के हार, कंगन, कान के कई जोड़ी आभूषण, अन्य कीमती जेवरात और महंगी साड़ियां शामिल हैं।
घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त नहीं होने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है।
सूचना मिलते ही नवही चौकी प्रभारी तरुण कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और गांव में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित परिवार ने कहा “रात में हम लोग सो रहे थे। सुबह उठे तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी हुई थी। नगदी के साथ करीब 25 लाख के गहने गायब थे। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द चोरों को पकड़ा जाए और हमारा सामान बरामद किया जाए।”
“क्षेत्र में लंबे समय से रात की गश्त नहीं हो रही है। इसी का फायदा उठाकर चोर लगातार घटनाएं कर रहे हैं। पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ानी चाहिए।”














































