UP: आजमगढ़ में पुलिस का बड़ा एक्शन, फर्जी दवा बेचने वाले गैंग का पर्दाफाश, सरगना समेत 5 गिरफ्तार

UP: आजमगढ़ में पुलिस और अन्तर्राज्यीय टप्पेबाज गैंग के बीच हुई मुठभेड़ में गैंग के सरगना समेत पांच बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में सरगना के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। बदमाश दवा बेचने की आड़ में लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।

पुलिस की घेराबंदी में फंसा गैंग, मुठभेड़ के बाद गिरफ्तारी

थाना सिधारी पुलिस को तड़के मुखबिर से सूचना मिली कि दवा बेचने के बहाने लोगों को ठगने वाला अन्तर्राज्यीय गिरोह मारुति 800 कार से आजमगढ़ की ओर आ रहा है। प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने खेमऊपुर नहर पुलिया पर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे और एक आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गैंग का सरगना ध्यान सिंह घायल हो गया जबकि उसके चार साथियों को मौके से दबोच लिया गया।

Also Read: 46 दिन में मिला इंसाफ….बलिया में बेटी से दुष्कर्म के दोषी पिता को आजीवन कारावास

नकली दवा बेचकर बनाते थे लोगों को शिकार

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गांव और कस्बों में दवा विक्रेता बनकर पहुंचते थे। यौन रोग, कमजोरी और अन्य बीमारियों का इलाज बताकर नकली दवाएं बेचते और लोगों से मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह लंबे समय से इस तरीके से लोगों को अपना शिकार बना रहा था।

चोरी की वारदात का भी किया खुलासा

गिरफ्तार बदमाशों ने स्वीकार किया कि 2 अगस्त को पवई क्षेत्र की एक दुकान से 5 हजार रुपये की चोरी भी उन्होंने ही की थी। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य मामलों और संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है। सरगना ध्यान सिंह के खिलाफ पहले से लखनऊ, आजमगढ़ और पवई में धोखाधड़ी और ठगी के तीन मुकदमे दर्ज हैं।

Also Read: 26 दिन पहले बनी थी दुल्हन, आज उठी अर्थी… पहले दो मासूमों के बांधे हाथ-पैर, फिर फंदे से झूल गई नवविवाहिता

हथियार, नकदी और दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, 3 हजार रुपये नकद, एक आधार कार्ड, 12 दवाखानों के विजिटिंग कार्ड तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति 800 कार बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों में घायल सरगना ध्यान सिंह, छत्रपाल (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), कुलदीप, राजा और सरिता सिंह शामिल हैं। पुलिस सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)