UP: सहारनपुर के गंगोह थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 23 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग और गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अगस्त 2026 को थाना गंगोह पुलिस टीम लखनौती रोड से बुड्ढाखेड़ा रोड की ओर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोड़ के पास पुलिस ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया।
Also Read: UP: 5.5 लाख की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार! बाइक से गांव-गांव पहुंचाता था नशा
पूछताछ और तलाशी के दौरान उनकी पहचान सारिक पुत्र फैय्याज, निवासी मोहल्ला कुरैशियान, गंगोह तथा सारिक पुत्र इस्लाम, निवासी मोहल्ला कुरैशियान, गंगोह के रूप में हुई। पुलिस ने सारिक पुत्र फैय्याज के कब्जे से 12 ग्राम स्मैक, जबकि सारिक पुत्र इस्लाम के कब्जे से 11 ग्राम स्मैक बरामद की।बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना गंगोह में मु0अ0सं0 414/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक्स की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सारिक पुत्र फैय्याज का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आजाद सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल विशाल कुमार शामिल रहे।
















































