UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बहराइच (Bahraich) जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महसी तहसील के बौंडी थाना क्षेत्र के चुनहा गांव में महिला का शव सुबह उसके कमरे में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।
मायके पक्ष ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नौबस्ता गांव निवासी रामरूप के अनुसार, उनकी 20 वर्षीय बहन लक्ष्मी की शादी इसी वर्ष मार्च में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रक्षाराम से हुई थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के बाद से ही लक्ष्मी को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
बाइक और नकदी की मांग को लेकर विवाद
रामरूप ने आरोप लगाया कि पति रक्षाराम और ससुर उदयराज एक मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये नकद की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर लक्ष्मी को शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों का दावा है कि बीती रात लक्ष्मी की हत्या कर दी गई।
पुलिस ने शुरू की जांच, तहरीर का इंतजार
थानाध्यक्ष त्रिलोकीनाथ मौर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










































