UP: गोण्डा में वृक्षारोपण महाअभियान सफल, 42.54 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य हुआ पूरा

UP: उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत गोण्डा जनपद ने 42 लाख 54 हजार 100 पौधों के रोपण का निर्धारित लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल कर लिया। जिला प्रशासन के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों, ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। जिला मुख्यालय से लेकर गांवों तक अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण, संरक्षण का लिया संकल्प

अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ला ने मनकापुर स्थित आईटीआई परिसर के मनोरंजन केंद्र में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी पौधे लगाए। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

Also Read: UP में वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाने की तैयारी, चित्रकूट से CM योगी करेंगे शुरूआत, 5 जुलाई को लगाए जाएंगे 25 करोड़ पौधे

नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने मुख्य राजस्व अधिकारी रिंकी जायसवाल के साथ करनैलगंज क्षेत्र के बसेरिया गांव पहुंचकर पौधारोपण किया और अभियान की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पौधों की सुरक्षा, समय-समय पर देखभाल तथा उनकी जीवितता सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने हरियाली बढ़ाने की अपील की

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने गांधी पार्क में पौधारोपण कर जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी जिम्मेदारी के साथ देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने लोगों से इस अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने की अपील भी की।

Also Read: UP में लगेंगे 35 करोड़ पौधे, जानें क्या है पौधरोपण पर योगी सरकार का महाअभियान

जनभागीदारी से अभियान बना जनआंदोलन

महाअभियान में वन, राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, शिक्षा, कृषि, उद्यान और नगर निकाय सहित सभी विभागों ने सक्रिय भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप लेता दिखाई दिया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि लक्ष्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित कर गोण्डा को अधिक हरित एवं पर्यावरण के प्रति जागरूक जनपद बनाना है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)