UP: होमगार्ड भर्ती में हुआ था चयन, एमएससी छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

इटावा: बकेवर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुड़रिया के मजरा कंड़ैया गांव में रविवार देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब 24 वर्षीय एमएससी छात्रा ने घर के अंदर फांसी लगाकर जान दे दी। युवती का हाल ही में होमगार्ड भर्ती में चयन हुआ था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के अनुसार, कंड़ैया गांव निवासी स्वर्गीय सुरेश बाबू की पुत्री मोहनी ने घर के अंदर टीनशेड के एंगल में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक मोहनी मानसिक रूप से परेशान रहती थी। वह एमएससी की पढ़ाई पूरी कर चुकी थी और होमगार्ड भर्ती में उसका चयन भी हुआ था।

ALSO READ: Varanasi: प्रेमिका की शादी कहीं और तय होने से था नाराज, गला दबाकर की हत्या, एनकाउंटर में हुआ अरेस्ट

रविवार देर शाम परिजन घर पहुंचे तो मोहनी को फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बिजौली चौकी प्रभारी विवेक सिंह और कस्बा इंचार्ज कृष्ण पाल नागर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

ALSO READ: Muzaffarnagar: जिन शिक्षकों ने बदली बच्चों की राह, शिक्षक दिवस पर ऐसे हुआ सम्मान

मोहनी तीन भाई-बहनों में तीसरे नंबर की थी। उसके भाई वैभव कांत, बहन प्रियंका और छोटी बहन चांदनी हैं। बेटी की मौत से मां तेजबती का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी पर सैफई मेडिकल विश्वविद्यालय के मेडिकल ऑफिसर डॉ. विवेक चौधरी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अरुण उपाध्याय और समाजसेवी मोनू उपाध्याय भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। चौकी प्रभारी विवेक सिंह के अनुसार, परिजनों ने युवती के मानसिक रूप से परेशान रहने की बात बताई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)