UP: राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर स्थित सहारा शहर की 245 एकड़ जमीन पर नया विधानसभा कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने डिजाइन और प्लानिंग हेतु कंसल्टेंट एवं आर्किटेक्ट चयन का टेंडर जारी कर दिया है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार के अनुसार, इच्छुक कंपनियां 23 मई से 21 जून तक आवेदन कर सकेंगी। प्रस्तावित भूमि में 170 एकड़ जमीन नगर निगम और 75 एकड़ जमीन एलडीए के स्वामित्व में है।
सहारा इंडिया की लीज खत्म होने के बाद वापस मिली जमीन
यह वही जमीन है जिसे वर्ष 1994 में नगर निगम ने सहारा इंडिया को 30 वर्षों की लीज पर दी थी। पिछले वर्ष लीज अवधि समाप्त होने और शर्तों के उल्लंघन के बाद नगर निगम तथा एलडीए ने जमीन को वापस अपने कब्जे में ले लिया था। अब कंसल्टेंट चयन के बाद परियोजना की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, जिसमें निर्माण लागत और अन्य तकनीकी पहलुओं को अंतिम रूप दिया जाएगा।
Also Read: सहारा ग्रुप की संपत्ति अदाणी समूह को बेचने की तैयारी, सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी की मांग
बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान
योगी सरकार ने नए विधानसभा भवन के निर्माण के लिए बजट में 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। नया परिसर भविष्य में परिसीमन के बाद बढ़ने वाली विधायकों की संख्या को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। कॉम्प्लेक्स में विधानसभा और विधान परिषद भवन के अलावा मंत्रियों के चैंबर, अत्याधुनिक सुविधाएं, मल्टीलेवल पार्किंग, ग्रीन एरिया और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किए जाएंगे।
सेंट्रल विस्टा की तर्ज पर बनेगा नया परिसर
सरकार की योजना इस नए विधानसभा परिसर को दिल्ली के सेंट्रल विस्टा की तर्ज पर विकसित करने की है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह परिसर लखनऊ को नई पहचान देने के साथ प्रदेश की विधायी व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं विस्तार योग्य बनाएगा।
Also Read: अदाणी पावर और योगी सरकार के बीच करार, 25 वर्षों तक सस्ती दर पर बिजली खरीदेगा यूपी
हजरतगंज से गोमतीनगर शिफ्ट होगा विधानसभा परिसर
वर्तमान विधानसभा भवन हजरतगंज के व्यस्त इलाके में स्थित है, जहां सदन की कार्यवाही के दौरान अक्सर ट्रैफिक जाम की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में गोमतीनगर जैसे बेहतर कनेक्टिविटी वाले क्षेत्र में नए परिसर का निर्माण शहर की यातायात व्यवस्था के लिए भी राहत भरा कदम माना जा रहा है।














































