UP: भाखड़ा नदी में गिरे बुजुर्ग को पुलिस ने पेड़ से सकुशल निकाला, बड़ा हादसा टला

UP: बरेली जनपद के थाना मीरगंज क्षेत्र में एक हादसा होने से टल गया। भाखड़ा नदी पुल के पास नशे की हालत में नदी में गिरे एक 59 वर्षीय बुजुर्ग को पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। व्यक्ति नदी के किनारे लगे पेड़ की झाड़ियों में फंस गया था, जिससे उसकी जान बच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला साहूकारा (रन सिंह की टाल के पास) निवासी राम प्रकाश (59) पुत्र बुद्ध प्रकाश सोमवार रात करीब नौ बजे भाखड़ा नदी पुल के पास पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वे नशे की हालत में थे और लघु शंका करने के लिए नदी किनारे गए थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वे सीधे उफनती नदी में जा गिरे।

ALSO READ: Chandauli: मुगलसराय में सपा का PDA जनसंवाद, महंगाई-बेरोजगारी समेत जनसमस्याओं पर सरकार को घेरा

गनीमत यह रही कि वे बहने के बजाय नदी के बीच मौजूद एक पेड़ की डालियों में जाकर फंस गए। चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर उन पर पड़ी। राहगीरों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही मीरगंज पुलिस टीम बिना कोई वक्त गंवाए मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी देर तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद राम प्रकाश को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस मुस्तैदी और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने काफी सराहना की है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)