इटावा: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास पर हुए कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। प्रदर्शन के दौरान आवास के मुख्य द्वार और दीवार पर स्प्रे पेंट से आपत्तिजनक नारे लिखे जाने की खबरों के बाद अखिल भारतीय माथुर वैश्य महासभा की जसवंतनगर शाखा सभा ने विरोध दर्ज कराया।
महासभा ने राष्ट्रपति के नाम एसडीएम जसवंतनगर के माध्यम से ज्ञापन भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और कानून के मुताबिक कार्रवाई की मांग की।राजेंद्र गुप्ता एडवोकेट की अगुवाई में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि मुख्य चुनाव आयुक्त संवैधानिक संस्था के प्रमुख हैं। राजनीतिक दलों को लोकतांत्रिक तरीके से विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर किसी के निजी आवास की संपत्ति को नुकसान पहुंचाना अथवा उसकी गरिमा प्रभावित करना उचित नहीं माना जा सकता।
ALSO READ: चंदौली में आजीविका समूह की महिलाओं का प्रदर्शन, 2 हजार मानदेय पर जताया आक्रोश
महासभा ने मांग की कि घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और फोटो की जांच कराई जाए और जांच में कानून का उल्लंघन सामने आने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन में भविष्य में संवैधानिक पदाधिकारियों या उनके परिजनों के निजी आवास पर प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी मांग की गई।इस दौरान अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता, मंत्री रवि कुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार, राहुल गुप्ता, उमेश चंद्र गुप्ता, मनोज कुमार गुप्ता, राम गुप्ता, मणि शंकर गुप्ता, गौरव गुप्ता सहित महासभा के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।














