UP: राम मंदिर जमीन खरीद पर फिर उठे सवाल, संजय सिंह ने SIT को सौंपे 11 दस्तावेज!

UP: अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में चढ़ावे की कथित अनियमितताओं के मामले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह गुरुवार को लखनऊ पहुंचे। उन्होंने एसआईटी अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत से मुलाकात कर तीन पन्नों का विस्तृत पत्र और जमीन खरीद से जुड़े 11 दस्तावेज सौंपे। इन दस्तावेजों में विभिन्न भूखंडों की रजिस्ट्री और सर्किल रेट से संबंधित जानकारी शामिल है।

जमीन खरीद में अनियमितताओं का लगाया आरोप

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या में कई जमीनों की खरीद बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर की। उनके मुताबिक कुछ मामलों में करोड़ों रुपये की जमीन को वास्तविक कीमत से कई गुना ज्यादा रकम देकर खरीदा गया, जिससे वित्तीय अनियमितताओं की आशंका पैदा होती है।

Also Read: ‘दानराशि से लेकर भूमि सौदों तक…’, राम मंदिर दान घोटाले जांच में नया मोड़, अब जमीन खरीद के दस्तावेज खंगाल रही SIT

पत्र में कई सौदों का किया गया उल्लेख

एसआईटी को सौंपे गए पत्र में कई जमीन सौदों का जिक्र किया गया है। संजय सिंह का दावा है कि लगभग 2 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन 18.5 करोड़ रुपये में खरीदी गई, जबकि करीब 9 करोड़ रुपये की जमीन पर 55 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए। उन्होंने इन लेन-देन की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

पहले भी उठाते रहे हैं सवाल

आम आदमी पार्टी सांसद इससे पहले भी राम मंदिर ट्रस्ट की जमीन खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठा चुके हैं। उनका कहना है कि कई भूखंडों की खरीद सर्किल रेट और बाजार मूल्य से कहीं अधिक दरों पर की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर निर्माण से जुड़े भूमि सौदों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं, जिनकी स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

Also Read: ‘हमने SIT बनाई है, वो दूध का दूध और पानी का पानी करेगी…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी घोटाले पर बोले सीएम योगी

एसआईटी ने मांगे थे साक्ष्य

जानकारी के अनुसार, एसआईटी ने संजय सिंह को अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य उपलब्ध कराने के लिए बुलाया था। इसके बाद उन्होंने समय मांगते हुए दस्तावेज जुटाए और अब उन्हें जांच एजेंसी को सौंप दिया है। एक दिन पहले जारी वीडियो संदेश में संजय सिंह ने कहा था कि वह एसआईटी अध्यक्ष से मुलाकात कर सभी दस्तावेजी साक्ष्य उपलब्ध कराएंगे, ताकि जांच के दायरे में इन तथ्यों को शामिल किया जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)