UP: नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) का अमेठी-रायबरेली संसदीय क्षेत्र का दो दिवसीय दौरा आगामी 12 और 13 मार्च को प्रस्तावित है। 13 मार्च को वे अमेठी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद दिवंगत पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. योगेंद्र मिश्र के घर जाकर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। स्थानीय कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता उनकी आगमन की तैयारियों में जुट गए हैं।
रायबरेली में विकास समीक्षा बैठक
कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह के अनुसार, राहुल गांधी 12 मार्च को फुरसतगंज एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सीधे रायबरेली जाएंगे। वहां वे जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में शामिल होंगे। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन किया जाएगा और अधिकारियों के साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक के बाद वे भुएमऊ गेस्ट हाउस में ठहरेंगे।
कार्यकर्ताओं के साथ रणनीति और जनता दर्शन
राहुल गांधी गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे और संगठन की मजबूती, आगामी रणनीति और क्षेत्रीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे। 13 मार्च की सुबह वे जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लेकर क्षेत्रवासियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इसके बाद वे अमेठी के तिलोई विधानसभा क्षेत्र के बहादुरपुर स्थित नैना रिजॉर्ट में अमेठी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे।
दिवंगत नेता स्व. योगेंद्र मिश्र को दी श्रद्धांजलि
संसदीय दौरे के दौरान राहुल गांधी अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष स्व. योगेंद्र मिश्रा के निवास पर तेरहवीं संस्कार में शामिल होंगे और शोक संतृप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे। इस अवसर पर अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, और अमेठी व रायबरेली के कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































