UP: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी आठ सितंबर से दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे लखनऊ से सड़क मार्ग से सीधे जिला मुख्यालय पहुंचेंगे। अपने इस दौरे में राहुल गांधी जहां एक ओर आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे, वहीं नौ सितंबर को कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
जलभराव प्रभावित गांवों का कर सकते हैं रुख
पार्टी सूत्रों के अनुसार, सांसद इस बार सीधे ग्रामीण इलाकों का रुख करेंगे। विशेषकर हाल ही में जलभराव की समस्या झेल रहे शिवगढ़ और महराजगंज क्षेत्रों में जाकर प्रभावित लोगों से मुलाकात कर सकते हैं। कांग्रेस जिला संगठन राहुल गांधी के जनसंपर्क के लिए विशेष रूट प्लान तैयार कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक स्थानीय लोगों से उनका संवाद हो सके। जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी ने बताया कि सांसद के दो दिवसीय दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं।
राहुल गांधी के दौरे और ‘दिशा’ की बैठक को देखते हुए जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया है। परियोजना निदेशक (पीडी) मुनीश चंद्र ने बताया कि नौ सितंबर की बैठक को लेकर सभी संबंधित विभागों से योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट और पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की अनुपालन आख्या मांगी गई है। बैठकों की फाइलें दुरुस्त की जा रही हैं ताकि बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों के सवालों का जवाब दिया जा सके।


















































