UP: अमेठी कोतवाली क्षेत्र के हथकिला गांव के पास शुक्रवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में सिंचाई विभाग के सेवानिवृत्त अवर अभियंता (जेई) रामचन्द्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंचे और घायल रामचन्द्र तिवारी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रामचन्द्र तिवारी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में परिचित और शुभचिंतक सीएचसी अमेठी पहुंचने लगे। पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला, भाजपा नेता काशी तिवारी, अजय तिवारी समेत समाज के कई लोग सीएचसी पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना पर शोक जताया।
बताया जा रहा है कि हथकिला गांव के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामचन्द्र तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि चिकित्सकों के प्रयास के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
घटना की सूचना मिलने पर अमेठी कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। अमेठी कोतवाली प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी



















































