UP: बांदा में लेखपालों का प्रदर्शन, समाधान दिवस का बहिष्कार कर 8 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना

UP: उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की प्रांतीय कार्यकारिणी के आह्वान पर शनिवार को पैलानी तहसील के लेखपालों ने जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया।सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले प्रदर्शन में लेखपालों ने शासन स्तर पर लंबित अपनी विभिन्न मांगों के शीघ्र समाधान की मांग उठाई। लेखपालों का कहना है कि उनकी न्यायोचित मांगें लंबे समय से शासन और राजस्व परिषद के स्तर पर लंबित हैं।कई बार अनुरोध के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई न होने के कारण संघ ने आंदोलन का निर्णय लिया है।

लेखपाल संघ ने आठ सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग की। इनमें विगत आठ वर्षों से लंबित स्थानांतरण, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने और समय से डीपीसी कराने, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम घोषित करने तथा स्थायीकरण में तेजी लाने की मांग प्रमुख रही। इसके साथ ही 16 वर्षों से भत्तों में वृद्धि न होने, ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं व सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराए बिना लेखपालों को रोस्टर लगाए जाने तथा करीब 10 वर्षों से लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित न किए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।लेखपालों ने प्रारंभिक वेतनमान में 2800 ग्रेड-पे, अंतरमंडलीय स्थानांतरण,पदोन्नति सहित अन्य मांगों के समाधान की भी मांग की।

Also Read: सिद्धार्थनगर: लेखपालों का हल्लाबोल, 8 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू

धरना-प्रदर्शन के बाद लेखपाल संघ ने अपनी आठ सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन जिलाधिकारी अमित आसेरी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा।लेखपालों ने शासन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो निर्धारित आंदोलनात्मक कार्यक्रम के तहत आगे भी कार्य बहिष्कार और धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।धरना-प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष हरिओम यादव,मंत्री अमित सिंह पटेल सहित तहसील क्षेत्र के लेखपाल मौजूद रहे।लेखपालों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)