UP: रक्षाबंधन पर्व को लेकर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह से शुरू होगी। महिला के साथ एक सहयोगी को भी निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।सहारनपुर परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए रोडवेज बसों को दुरुस्त करा लिया गया है। एटीआई मशीनों में भी निःशुल्क यात्रा से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि सामान्य दिनों में मंडल में करीब 700 बसें संचालित होती हैं। रक्षाबंधन पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं। सामान्य संचालन की तुलना में अतिरिक्त फेरे लगाकर करीब 1050 ट्रिप संचालित करने की तैयारी है। जिस रूट पर यात्रियों की भीड़ अधिक होगी, वहां अतिरिक्त बसें भेजी जाएंगी।रक्षाबंधन की व्यवस्था को देखते हुए 26 से 31 अगस्त तक रोडवेज कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। हालांकि किसी कर्मचारी के बीमार होने या किसी विशेष परिस्थिति में आरएम की अनुमति से छुट्टी दी जा सकती है। चालक और परिचालकों को भी अतिरिक्त फेरे लगाने के लिए तैयार रखा गया है।आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विभाग का प्रयास है कि रक्षाबंधन पर यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए शुरू की गई निःशुल्क बस यात्रा योजना को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इससे बुजुर्ग महिलाओं को बड़ा लाभ मिलेगा और रोडवेज का यात्री आधार भी बढ़ेगा। आने वाले समय में यात्रियों की संख्या बढ़ने से परिवहन निगम की आय में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)


















































