UP: राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना पर घमासान, विधवा ने लगाया 20 हजार गबन का आरोप

UP: चंदौली के पड़ाव क्षेत्र स्थित सेमरा दलित बस्ती में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की धनराशि को लेकर विवाद सामने आया है। योजना की राशि में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए लाभार्थी सुमन देवी ने पूर्व पंचायत सहायक निशा भारती और उनके पिता पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। हालांकि, निशा भारती ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे उनके खिलाफ की गई साजिश बताया है।

पति की मौत के बाद मिली थी सरकारी सहायता, राशि में कटौती का आरोप

सुमन देवी ने बताया कि उनके पति का निधन करीब एक साल पहले हो गया था। इसके बाद उन्हें राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत आर्थिक सहायता दिलाने की बात कही गई। उनका आरोप है कि 16 मई को योजना की ₹35,000 की राशि स्वीकृत हुई थी, जिसके अगले दिन उन्हें ग्राहक सेवा केंद्र ले जाकर खाते से पैसे निकलवाए गए। सुमन देवी का दावा है कि उन्हें केवल 15,000 दिए गए, जबकि बाकी रकम अपने पास रख ली गई।

Also Read: UP: ‘ऑपरेशन मुस्कान’ की बड़ी सफलता, 8 वर्षीय मासूम को परिवार से मिलाकर बांदा पुलिस ने लौटाई खुशियां

निशा भारती ने आरोपों को बताया बेबुनियाद, बोलीं- हटाने की साजिश

वहीं, पूर्व पंचायत सहायक निशा भारती ने सुमन देवी के सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने न तो लाभार्थी का आवेदन कराया और न ही योजना की किसी राशि का लेन-देन किया। निशा भारती ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें पंचायत सहायक पद से हटाने के उद्देश्य से उनके खिलाफ झूठी शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने ग्राम सचिव और ग्राम प्रधान पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने शिकायत मिलने की दी जानकारी

मामले को लेकर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गुलाब राम ने बताया कि पूरे प्रकरण की शिकायत अधिकारियों को लिखित रूप में दी गई है। उन्होंने कहा कि निशा भारती अब पंचायत सहायक के पद पर कार्यरत नहीं हैं। उनके खिलाफ कार्य में सहयोग न करने समेत अन्य शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई थी। फिलहाल नए पंचायत सहायक की नियुक्ति नहीं हुई है।

Also Read: UP: जौनपुर में नाले से मिला युवक का शव, इलाके में फैली सनसनी

जांच के बाद होगी कार्रवाई, अधिकारियों ने शुरू की पड़ताल

फिलहाल राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना की राशि से जुड़े इस विवाद की जांच संबंधित अधिकारियों द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे किस तरह की कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)