UP: श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के बीच शनिवार को सहारनपुर में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और डीआईजी अभिषेक सिंह ने हेलीकॉप्टर से कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया। आसमान से फूल बरसते ही कांवड़ मार्ग ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।
हेलीकॉप्टर ने सरसावा एयरफोर्स स्टेशन से उड़ान भरी और घंटाघर, गागलहेड़ी तथा राकेश केमिकल सहित कांवड़ मार्ग के प्रमुख क्षेत्रों में पहुंचकर शिवभक्तों पर पुष्प वर्षा की। अचानक आसमान से फूलों की बारिश होते देख कांवड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। शिवभक्तों ने हाथ उठाकर प्रशासन का अभिवादन किया और इस पहल की सराहना की।इस दौरान मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी शिवालयों में साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था मजबूत रखी जाए।
Also Read: सहारनपुर में कांवड़ियों पर आसमान से बरसे फूल, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा माहौल
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा हमारी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसे सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है।प्रशासन की ओर से विभिन्न राज्यों से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों का अभिवादन करते हुए उनकी यात्रा के सकुशल और सुरक्षित संपन्न होने की कामना की गई।
वहीं, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से लगातार कांवड़ मार्गों और शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की सक्रियता के चलते कांवड़ियों को सुरक्षा के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कांवड़ियों ने भी सहारनपुर में की गई व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।



















































