UP: बाराबंकी में सवर्ण समाज का शक्ति प्रदर्शन, यूजीसी एक्ट वापस लेने और आर्थिक आधार पर आरक्षण की उठी मांग

UP: रामनगर, बाराबंकी: तहसील रामनगर के डाक बंगला परिसर से बृहस्पतिवार को समस्त सवर्ण समाज के आह्वान पर जन जागरण पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने शामिल होकर यूजीसी एक्ट को वापस लेने, आरक्षण व्यवस्था में बदलाव करने तथा एससी-एसटी एक्ट में आवश्यक संशोधन किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण का आधार आर्थिक किए जाने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए।

जन जागरण पदयात्रा डाक बंगला, बुढ़वल मोड़ से शुरू होकर लखनऊ-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग से रामनगर तिराहा होते हुए तहसील परिसर पहुंची। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित तख्तियां लेकर नारेबाजी की। “यूजीसी एक्ट रोलबैक करो”, “काला कानून वापस लो” जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से यूजीसी से संबंधित कानून को वापस लेने तथा ऐसे प्रावधानों में बदलाव करने की मांग की, जिनके कारण उनके अनुसार निर्दोष लोगों के फंसने की आशंका रहती है।

ALSO READ: UP: मुरादाबाद में तेंदुओं का आतंक जारी, महिला की मौत

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने कहा कि आरक्षण व्यवस्था में आर्थिक आधार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि जरूरतमंद लोगों को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। साथ ही एससी-एसटी एक्ट के संबंध में भी बदलाव की मांग उठाई गई। उनका कहना था कि कानून का उद्देश्य कमजोर वर्ग को संरक्षण देना है, लेकिन निर्दोष लोगों के खिलाफ इसका दुरुपयोग न हो, इसके लिए आवश्यक कानूनी सुरक्षा और निष्पक्ष जांच की व्यवस्था होनी चाहिए।

पदयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी मौजूद रही। तहसील परिसर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानू सिंह, रिंकू सिंह, पंडित दिवाकर पांडेय, विवेक सिंह, मोनू सिंह, आरके शुक्ल सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)