UP: सिरसी डैम पर सुरक्षा में चूक, चार फाटक खुलने के बाद भी रोक दरकिनार

मीरजापुर: जिले के पटेहरा विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत स्थित पहाड़ी अंचल में प्रकृति की गोंद में बसे सिरसी डैम पर प्रशासन की बंदिशों और चेतावनी को नजर-अंदाज कर चार फाटक खुलने के बाद भी रिल्स और सेल्फी लेने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर डेंजर जोन में सैलानी उतर रहें हैं। बुधवार रात से ही डैम का जलस्तर बढ़ने से चार फाटक खोले गए हैं, निचले इलाकों में पानी का बहाव बेहद तेज है।

तीन दशक पहले फाल में नीचे उतरे चार लोगों की मौत के बाद नीचे जाने वाले रास्ते पर दिवार खड़ी कर पूरी तरह बंद कर दिया गया था। प्रशासन ने पर्यटकों के नीचे जाने पर सख्त पाबंदी लगा रखी है। इसके बावजूद, सुरक्षा व्यवस्था की लापरवाही के चलते लोग पत्थरों से भरे ऊबड़-खाबड़ और फिसलन भरे रास्तों से सीधे डेंजर जोन में उतर रहे हैं ।

Also Read: UP: मथुरा-वृंदावन नगर निगम होगा हाईटेक, भूतेश्वर मुख्यालय के हर कोने पर लगेंगे CCTV, हर गतिविधि पर रहेगी नजर

डेंजर जोन में उतरे सैलानी सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं। ​तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सीढ़ियों और पथरीले रास्तों से होकर लोग आसानी से जलभराव वाले प्रतिबंधित क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। मौके पर न तो सैलानियों को रोकने के लिए कोई बैरिकेडिंग लगा है और न ही पुलिस की ड्यूटी लगाई गयी है। सुरक्षा की इसी ढिलाई का फायदा उठाकर कई पर्यटक रिल्स और सेल्फी के चक्कर में पर्यटक फाल में गिर रहे पानी के पास पहुंच रहे। जबकि ​डैम का जलस्तर बढ़ने पर चार फाटक खोले जाने से पानी का बहाव बेहद अनियंत्रित और जानलेवा हो चुका है। ऐसे समय में पत्थरों पर हल्की सी फिसलन भी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है।

स्थानीय प्रशासन की ओर से दावे तो किए जाते हैं कि डेंजर जोन में किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा, लेकिन धरातल पर नजारा इसके ठीक उलट है। समय रहते अगर सिरसी डैम के खतरनाक पॉइंटों पर सख्त बैरिकेडिंग और सुरक्षा के इंतजाम नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)