UP: जौनपुर में 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ अभियान, 25 हजार दीपों से होगा भव्य आगाज

UP: जौनपुर आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर रविवार को पुलिस लाइन सभागार में अंतरविभागीय बैठक हुई। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान के कार्यक्रमों और उनकी तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव, विधायक बदलापुर रमेश चंद्र मिश्रा, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंशु, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन, पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया समेत जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: जौनपुर: रक्तदान, वृक्षारोपण समेत कई कार्यक्रमों से सजेगा ‘सेवा संकल्प’ अभियान, 17 सितंबर से शुरुआत

अभियान का उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और नीतिगत सुधारों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने तथा नागरिकों को ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प से जोड़ना है। अभियान के तहत 13 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

17 सितम्बर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से अभियान का शुभारंभ होगा। शाम सात बजे गोमती घाट पर 25 हजार दीपों का भव्य दीपदान प्रस्तावित है। इसके साथ ही लोगों को अपने घरों, दुकानों और अन्य स्थानों पर दीप जलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

Also Read: लखनऊ: अरविंद सिंह गोप के जन्मदिन पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया रक्तदान, पेश की सेवा की मिसाल

अभियान में ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, घाटों की सफाई, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहयोग, करियर काउंसलिंग और नशामुक्ति जैसी गतिविधियां होंगी। ‘सेवा सेतु अभियान- सरकार आपके द्वार’ के तहत बहुउद्देशीय सेवा शिविर लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विभागवार कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध ढंग से कार्यक्रम कराने के निर्देश दिए। सरकारी भवनों, स्मारकों, गो-आश्रय स्थलों, अनाथालयों और वृद्धाश्रमों में विशेष स्वच्छता व सेवा गतिविधियां कराने पर भी जोर दिया गया। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को ‘जनसेवा महाकुंभ- पंचायत से पार्लियामेंट’ के साथ प्रस्तावित है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं)